आगरा। आगरा में ताजमहल के पास बने एक सेल्फी प्वाइंट पर महिलाओं के लिए बनाए गए शौचालय में आपत्तिजनक चीजें मिलने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद, सपा नेता रजत फौजदार ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है।
यह सेल्फी प्वाइंट आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) ने करोड़ों की लागत से पर्यटकों की सुविधा के लिए बनाया था, लेकिन यहाँ के शौचालयों की स्थिति बदहाल है। वीडियो में दिख रही आपत्तिजनक चीजों के अलावा, वहाँ गंदगी और बदबू की भी समस्या है।
दुकानदारों ने बताई बदहाली की कहानी
सेल्फी प्वाइंट के पास दुकान चलाने वाले आलोक यादव ने बताया कि शौचालयों की सफाई नहीं होती, जिससे दिन भर बदबू आती रहती है। उन्होंने कहा कि शाम को परिवार के साथ घूमने आने वाले पर्यटक, खासकर महिलाएँ, ऐसे गंदे शौचालयों का इस्तेमाल करने से कतराती हैं।
एक अन्य दुकानदार महेश यादव ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। कुछ महीने पहले यहाँ नल और अन्य सामान की चोरी भी हो गई थी, जिसके बाद से शौचालयों की हालत और भी खराब हो गई है। दीप कुमार ने कहा कि यहाँ व्यवस्था बिल्कुल नहीं है, और अक्सर उन्हें महिला पर्यटकों को पास के होटलों में भेजना पड़ता है।
यह सेल्फी प्वाइंट शिल्पग्राम पार्किंग से लगभग 500 मीटर और ताजमहल से करीब 1.5 किलोमीटर दूर है। रमाडा होटल की तरफ से शहर में प्रवेश करने वाले पर्यटक इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं, जिससे इस जगह की खराब व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

































































































