आगरा: फतेहाबाद में तेंदुए का आतंक, ग्रामीणों ने आतिशबाजी कर भगाया
आगरा। आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र के निबोहरा थाना अंतर्गत गाँव धरियाई रामपुर में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शनिवार शाम करीब 6 बजे गाँव की एक महिला कस्तूरी देवी जब खेतों में चारा लेने गई थीं, तो उन्हें झाड़ियों में तेंदुए की आहट महसूस हुई।
तेंदुए को देखते ही कस्तूरी देवी तुरंत अपने घर की ओर भागीं और शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे ग्रामीण भी मौके पर पहुँच गए। ग्रामीणों ने मिलकर तेंदुए की तलाश शुरू की और उसे डराने के लिए जमकर आतिशबाजी की। पटाखों की आवाज सुनकर तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गाँव के आसपास तेंदुए को देखा जा रहा है। इस घटना के बाद से गाँव में डर का माहौल है। ग्रामीण अब सतर्क हैं और शाम होते ही घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।