आगरा। आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में स्थित एडब्ल्यूएस कॉलोनी, आवास विकास में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और 50 हजार रुपए नगद, सोने के जेवरात और अन्य सामान ले गए। हालांकि, पड़ोसियों की आहट होने पर उन्होंने शोर मचाया, जिससे चोर अपनी बाइक छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए। पुलिस ने मौके से बाइक को कब्जे में ले लिया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान करने में जुटी है।
बेटी की फीस के 50 हजार रुपए उड़ाए
आवास विकास निवासी विमल कुमार दुबे ने बताया कि वह 28 अगस्त को अपनी बेटी के पास गुरुग्राम गए हुए थे और घर पर ताला लगा था। देर रात करीब 3 बजे दो चोर बाइक से आए और मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुस गए। चोरों ने अलमारी में रखे बेटी की फीस के 50 हजार रुपए, एक सोने की अंगूठी और अन्य सामान चोरी कर लिया।

शोर सुनते ही बाइक छोड़ भागे चोर
पीड़ित के अनुसार, जब चोर वारदात को अंजाम दे रहे थे, तभी पड़ोसियों को कुछ आवाजें सुनाई दीं। उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही घबराए बदमाश अपनी बाइक छोड़कर अंधेरे में भाग गए। सूचना मिलने पर विमल कुमार दुबे गुरुग्राम से लौटकर आए और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके से चोरों की बाइक को जब्त कर लिया है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे जल्द ही चोरों की पहचान होने की उम्मीद है।

































































































