Agra

आगरा में ‘नन्हे हीरो’ ने मगरमच्छ से भिड़कर बचाई पिता की जान: 10 साल के अजय ने चंबल नदी में ’12 डंडे’ मारकर भगाया खूंखार जानवर!

आगरा। आगरा के बासौनी क्षेत्र में चंबल नदी किनारे एक 10 साल के बच्चे ने अपनी बहादुरी से सबको चौंका दिया है। शुक्रवार दोपहर जब किसान वीरभान नदी से पानी ले रहे थे, तभी एक खूंखार मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और उनका पैर पकड़कर नदी में खींचने लगा। यह देखकर नदी किनारे खड़ा उनका 10 वर्षीय बेटा अजय, बिना डरे मगरमच्छ से भिड़ गया और बबूल के मोटे डंडे से ताबड़तोड़ 10-12 वार कर अपने पिता की जान बचा ली।


पानी भरने गए पिता पर अचानक हमला, चीख सुनकर दौड़ा बेटा

गांव झरनापुरा हरलालपुर निवासी 35 वर्षीय किसान वीरभान अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहते हैं। शुक्रवार दोपहर वह अपने बेटे अजय और बेटी किरन के साथ चंबल नदी में पानी भरने गए थे। जैसे ही वीरभान ने पानी में बोतल डुबोई, तभी पानी के अंदर छिपे मगरमच्छ ने उन पर अचानक हमला कर दिया और उनका पैर पकड़कर नदी में खींच लिया।

वीरभान की चीख सुनकर नदी किनारे खड़े बेटे अजय और बेटी किरन ने भी शोर मचाया। किसान ने मगरमच्छ से खुद को छुड़ाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह नहीं छोड़ा रहा था।


डंडे मारकर भगाया मगरमच्छ, अजय की बहादुरी से बची जान

पिता की चीख-पुकार सुनकर कक्षा चौथी में पढ़ने वाले अजय ने अविश्वसनीय सूझबूझ और बहादुरी का परिचय दिया। उसने पास पड़ा बबूल का मोटा डंडा उठाया और बिना कुछ सोचे नदी में कूद गया। उसने मगरमच्छ को डंडे से लगातार मारना शुरू कर दिया।

लगातार हमले के बाद मगरमच्छ ने वीरभान का पैर छोड़ दिया। लेकिन इसके तुरंत बाद मगरमच्छ लाठी मार रहे अजय की तरफ झपटा। अजय ने किसी तरह फुर्ती से मगरमच्छ के हमले से खुद को बचाया और भाग निकला। इतनी देर में किसान वीरभान भी निकलकर बाहर भागे, जिससे दोनों की जान बच गई।


पिता के पैर में गहरा घाव, अस्पताल में भर्ती

मगरमच्छ के हमले की सूचना पर ग्रामीण भी मौके पर आ गए। मगरमच्छ के हमले से किसान वीरभान के पैर में काफी गहरा जख्म हो गया है। उन्हें उपचार के लिए बाह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उन्हें आगरा के जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

अजय ने अस्पताल में बताया कि वह चौथी कक्षा में पढ़ता है और स्कूल जाने के अलावा अपने पिता के साथ खेतीबाड़ी में भी सहयोग करता है। उसने अपनी और अपने पिता की जान बचाने के लिए मगरमच्छ पर 10-12 डंडे मारने की बात बताई। अजय की बहादुरी की चर्चा पूरे गांव और अस्पताल में हो रही है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights