Agra

आगरा में पिता ने दो बच्चों को यमुना में फेंकने का किया प्रयास, राहगीरों ने रोका


आगरा। आगरा के अंबेडकर पुल पर शनिवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहाँ एक पिता अपने दो मासूम बच्चों को यमुना नदी में फेंकने के लिए पहुँचा। यह घटना करीब रात 9 बजे की बताई जा रही है, जब कुछ राहगीरों ने इस व्यक्ति को रोका और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

चश्मदीदों के मुताबिक, व्यक्ति अपने बच्चों को पुल से नीचे फेंकने की कोशिश कर रहा था। उसके साथ एक बुजुर्ग महिला भी मौजूद थी, जो चुपचाप खड़ी थी। राहगीरों ने तुरंत बीच-बचाव किया और बच्चों को ऐसा करने से रोका।

जैसे ही लोगों की भीड़ जमा हुई, सभी ने उस व्यक्ति से सवाल करना शुरू कर दिया कि वह ऐसा जघन्य अपराध क्यों कर रहा है। लोग उसे ‘पाप’ लगने और ‘अगर बच्चे पाल नहीं सकते तो पैदा क्यों किया’ जैसे ताने देने लगे।

व्यक्ति बच्चों को बैठाकर बाइक से फरार हो गया

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में, व्यक्ति लोगों के सवालों पर सफाई देते हुए कहता है कि बच्चों ने घर से पैसे चुराए थे और वह उन्हें सिर्फ डराने के लिए पुल पर लाया था। हालाँकि, जब भीड़ और भी बढ़ने लगी, तो वह व्यक्ति अपने बच्चों और बुजुर्ग महिला को बाइक पर बैठाकर तुरंत मौके से फरार हो गया।

इस घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति जीवनी मंडी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है और मामले की जाँच की जा रही है।

Abhimanyu Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights