आगरा। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर फतेहपुर सीकरी के सीएनजी रसूलपुर पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब आगरा की तरफ से आ रही एक मैक्स गाड़ी और भरतपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैक्स गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मैक्स के चालक कमल भाई (पुत्र जीतू भाई, निवासी सरखेज, अहमदाबाद) और परिचालक कमलेश भाई (पुत्र प्रभात भाई, निवासी रमबादा, आनंद) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक गुजरात के रहने वाले थे।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और ट्रक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित किया और शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक कमलेश के भाई भरत भाई ने थाना सीकरी में ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

































































































