आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा पखवाड़े’ के तहत खेरागढ़ नगर पंचायत में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत नगर पंचायत अध्यक्ष सुधीर गर्ग ने खुद बूथ नंबर 152 पर साफ-सफाई करके की।
अभियान के दौरान, अध्यक्ष सुधीर गर्ग और अधिशासी अधिकारी मोहम्मद रजा ने देवी मंदिर प्रांगण में सभासदों के साथ मिलकर झाड़ू लगाई और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद, नगर पंचायत कार्यालय में सभी सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
इस मौके पर, सभी सफाई कर्मियों को उनके काम के लिए सम्मान देते हुए स्वच्छता किट भी वितरित की गईं। अध्यक्ष सुधीर गर्ग ने कहा कि एक स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की नींव रखता है। अधिशासी अधिकारी ने भी नगरवासियों से अपील की कि वे साफ-सफाई को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाएँ।
इस अभियान में सभासद पति रम्मोलाल अग्रवाल, मुन्ना लाल, अमरनाथ कोली, रवींद्र गोस्वामी और नगर पंचायत के कई कर्मचारी मौजूद रहे।

