Agra

आगरा में बाबा बागेश्वर धाम का कार्यक्रम रद्द, जुटी थी क्षमता से 4 गुना भीड़


आगरा। आगरा में शनिवार को बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का कार्यक्रम ऐन मौके पर रद्द कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम स्थल, राज देवम गार्डन, की क्षमता 5,000 लोगों की थी, जबकि वहां करीब 20,000 लोग पहुंच गए, जिससे सुरक्षा की स्थिति बिगड़ गई। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी।

धीरेंद्र शास्त्री सुबह 11:30 बजे ही आगरा पहुंच गए थे और उन्हें दोपहर 1 बजे मंच पर आना था, लेकिन दोपहर 12 बजे ही कार्यक्रम स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया गया। कार्यक्रम रद्द होने के बाद पुलिस ने भीड़ को हटाने की कोशिश की, लेकिन मायूस भक्त काफी देर तक वहां जमे रहे।


पंडित धीरेंद्र शास्त्री का आशीर्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे थे।

धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर दी सफाई

कार्यक्रम रद्द होने के बाद पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने सूचित किया है कि बहुत ज्यादा भीड़ होने के कारण कोई दुर्घटना न हो, इसलिए कार्यक्रम की अनुमति निरस्त कर दी गई है। उन्होंने भक्तों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि वे जल्द ही आगरा आएंगे और दोबारा कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

उन्होंने अपने वीडियो में यह भी बताया कि पहले यह कार्यक्रम तारघर मैदान में होना था, लेकिन बारिश के कारण इसे राज देवम गार्डन में शिफ्ट किया गया था। अब यह कार्यक्रम भी रद्द हो गया है, जिससे उन्हें दुख है।

राज देवम गार्डन से भक्तों को बाहर करके गेट पर ताला जड़ दिया गया है। भारी फोर्स लगी है।

अगले महीने दिल्ली से वृंदावन तक निकालेंगे पदयात्रा

पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने 7 नवंबर से दिल्ली से वृंदावन तक एक और ‘सनातन हिंदू एकता’ पदयात्रा निकालने की घोषणा की है। यह 170 किमी लंबी पदयात्रा 10 दिनों में पूरी होगी। इस पदयात्रा का उद्देश्य ‘हिंदुओं में भाषावाद, क्षेत्रवाद और जातिवाद को खत्म करना’ और ‘हिंदू राष्ट्र’ की विचारधारा को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह विचारों की लड़ाई है, तलवारों की नहीं।

Abhimanyu Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights