आगरा। मलपुरा क्षेत्र में रबी की फसल की बुवाई का समय नज़दीक आने के साथ ही डीएपी खाद की कमी से किसान परेशान हैं। बुधवार को मलपुरा सहकारी समिति पर खाद लेने आए किसानों ने वितरण व्यवस्था में हुई गड़बड़ी के कारण हंगामा कर दिया।
सुबह सैकड़ों किसान डीएपी खाद लेने पहुँचे, लेकिन पॉश मशीन बंद होने से वितरण प्रभावित हो गया। इसी दौरान, कुछ महिला किसानों और समिति सचिव रामसरन के बीच कहासुनी हो गई। स्थिति को शांत करने के लिए पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।
समिति के अध्यक्ष पति फौरन सिंह ने बताया कि सिर्फ 70 बोरी डीएपी खाद का ही वितरण हो सका, क्योंकि पॉश मशीन से केवल 20 किसानों के अंगूठे लग पाए और उसके बाद मशीन ने काम करना बंद कर दिया।
इस घटना के बाद किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध कराई जाए और हर समिति पर दो पॉश मशीनें लगाई जाएं ताकि वितरण में बाधा न आए।
इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी सुनील कुमार, कोआपरेटिव अध्यक्ष पति फौरन सिंह, सुख सिंह राजपूत, जगमोहन लवानिया, और वंदेश चौहान सहित कई अन्य किसान मौजूद रहे।
