Agra

आगरा में अवैध कॉलोनी पर चला ADA का बुलडोजर, ₹13 हजार वर्ग मीटर की प्लॉटिंग ध्वस्त; ग्वालियर रोड पर कार्रवाई

आगरा। आगरा में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को ग्वालियर रोड स्थित मौजा ककुआ में अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। लगभग दो घंटे चली इस कार्रवाई में, अवैध प्लॉटों की बाउंड्री, सड़कें और एक ऑफिस को पूरी तरह से गिरा दिया गया।

बृज विहार रेजीडेंसी पर हुई कार्रवाई

अधिकारियों ने बताया कि रिंकू शर्मा, सचिन और गोपाल नाम के लोग 13,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बृज विहार रेजीडेंसी नाम से एक अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे थे। उन्होंने बिना किसी अनुमति के यहां प्लॉटों की बाउंड्री बना दी थी और पक्की सड़कें भी तैयार कर दी थीं।

जब ADA के अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली और उन्होंने निर्माणकर्ताओं से कागजात मांगे, तो वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए। इसके बाद ADA की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को कुछ ही देर में उजाड़ दिया।

अटल पुरम टाउनशिप के पास हो रहा था अवैध निर्माण

अवैध कॉलोनियों पर यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब ग्वालियर रोड पर ADA की अटल पुरम टाउनशिप योजना भी लॉन्च हो चुकी है। इसके बावजूद, इस रोड पर कई कॉलोनाइजर बिना अनुमति के अवैध रूप से प्लॉट बेच रहे थे। ADA की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।


Abhimanyu Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights