Agra

आगरा में दुकान विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, पुलिस के सामने भी भिड़े, दरोगा के सिर में मारा डंडा


आगरा। आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के रुनकता में एक दुकान खाली कराने को लेकर दुकान मालिक और किराएदार के बीच जमकर विवाद हुआ। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में न सिर्फ मारपीट हुई, बल्कि मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी वे एक-दूसरे से भिड़ गए। इस दौरान एक दरोगा के सिर पर भी डंडा लग गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह मामला रुनकता चौराहे का है, जहाँ नित्तम बाबा की मार्केट है। आरोप है कि उनकी बेटी मधु से किराएदार ज्ञानेंद्र भदौरिया ने एक प्लॉट का बैनामा अपने नाम करा लिया। इसके बाद वह करोड़ों की संपत्ति वाली दुकान को भी हेराफेरी कर अपने नाम दिखाने लगा। जानकारी मिलने पर नित्तम बाबा की पत्नी ने ज्ञानेंद्र से दुकान खाली करने को कहा और उसे लीगल नोटिस भी भेजा।

दुकान का ताला तोड़कर जबरन घुसे किराएदार

जब दुकान खाली नहीं हुई, तो नित्तम बाबा की बेटी आशा धाकरे ने परिजनों के साथ मिलकर दुकान पर ताला लगा दिया। गुरुवार को किराएदार ज्ञानेंद्र भदौरिया अपने करीब एक दर्जन साथी और आधा दर्जन महिलाओं को लेकर मौके पर पहुँचा और जबरन दुकान का ताला तोड़ दिया।

इसकी जानकारी होने पर आशा धाकरे वहाँ पहुँचीं। जैसे ही वह अंदर गईं, उन्हें घेरकर पीटा गया। अपनी बहन की चीख-पुकार सुनकर आशा की छोटी बहन संजू भी वहाँ पहुँचीं और उन्हें किसी तरह बचाकर बाहर लाईं।

पुलिस पर भी हुआ हमला, दरोगा के सिर में लगा डंडा

मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन दबंगों ने पुलिस के सामने ही आशा धाकरे पर दोबारा हमला बोल दिया। इस दौरान वाइपर और डंडों से जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश कर रहे एक पुलिसकर्मी के सिर में भी डंडा लग गया। मारपीट में आशा धाकरे बेहोश हो गईं।

पुलिस ने दो युवकों सहित लगभग आधा दर्जन महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Abhimanyu Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights