Agra

आगरा में कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’ प्रदर्शन: ‘किसानों को महंगी खाद, बिजली नहीं!’ जिला मुख्यालय पर जोरदार हंगामा

आगरा। आगरा में किसानों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में जुटे कांग्रेसियों ने बीजेपी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों को 24 घंटे बिजली और यूरिया खाद जल्द उपलब्ध कराने की मांग की।


कांग्रेस का आरोप: ‘भाजपा के वादे झूठे, किसान परेशान!’

महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “पूरे उत्तर प्रदेश में खरीफ की फसल की बुआई चल रही है। किसानों को इस समय धान की फसल के लिए यूरिया खाद और सिंचाई के लिए पानी की सख्त जरूरत है।” सिंह ने याद दिलाया कि बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में किसानों की आय दोगुनी करने और मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन आज हकीकत कुछ और है।

अमित सिंह ने आरोप लगाया, “आज उत्तर प्रदेश का किसान परेशान है। खाद लेने के लिए किसान लाइनों में लगा हुआ है। आय दोगुनी की बात तो दूर है। किसानों को जरूरत के हिसाब से उन्हें पर्याप्त बिजली भी नहीं मिल रही है।” उन्होंने कहा कि बीजेपी के ये वादे झूठे साबित हुए हैं, और प्रदेश की डबल इंजन सरकार मुफ्त बिजली देना तो दूर, बिजली आपूर्ति की कमी के चलते किसानों को सिंचाई के लिए पानी तक नहीं मिल पा रहा है।


‘कालाबाजारी से महंगी खाद, दर-दर भटक रहे किसान!’

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि किसानों को यूरिया खाद के लिए सहकारी समितियों और निजी दुकानों पर कालाबाजारी के चलते अधिक दामों पर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। अमित सिंह ने कहा, “प्रदेश का किसान सरकार की दोहरी नीति से परेशान है।” उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस ने हमेशा से किसानों के हित की लड़ाई लड़ी है और आगे भी किसानों के लिए संघर्ष करती रहेगी।

कांग्रेस ने मांग की है कि किसानों को धान की फसल के लिए यूरिया खाद और सिंचाई के लिए पानी की तुरंत व्यवस्था की जाए, और भाजपा अपने संकल्प पत्र के वादे के अनुसार 24 घंटे मुफ्त में बिजली की व्यवस्था कराए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर किसानों की समस्या का समाधान जल्द से जल्द नहीं किया गया, तो उन्हें बड़े आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights